प्रतिमा विसर्जन जुलूस में बवाल, चाकूबाजी में तीन युवक घायल,
प्रतिमा विसर्जन जुलूस में बवाल, चाकूबाजी में तीन युवक घायल, तीन अन्य चोटिल गढ़वा-अगया गांव के लोगों में हुआ विवाद, पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को खदेड़ा; आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र के गढ़वा और अगया गांव में मंगलवार रात प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट और चाकूबाजी का रूप ले लिया। इस घटना में तीन युवक चाकू लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य युवक भी चोटिल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को तितर-बितर किया और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों गांवों की प्रतिमाएं विष्णुपुरी मंदिर के पास से फरेन नाले की ओर विसर्जन के लिए जा रही थीं। इसी दौरान गढ़वा गांव में प्रतिमाओं के आगे-पीछे निकलने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि पुलिस ने अगया गांव की पीछे चल रही प्रतिमा को आगे निकलवा दिया। इस पर गढ़वा गांव के आयोजकों ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान अगया पक्ष के कुछ लोगों ने तीन युवकों पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें गढ़वा निवासी मंगरू गौड़, विपिन यादव और गोलू महदेशिया घायल हो गए। तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार के बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के दौरान रितेश यादव, आलोक गुप्ता और प्रियंशु कनौजिया भी चोटिल हो गए। घटना के बाद गढ़वा चौराहे पर भारी संख्या में लोग जुट गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने लाठी पटककर भीड़ को हटाया। घटना से नाराज गढ़वा गांव के आयोजकों ने चौराहे पर प्रतिमा विसर्जन रोक दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए। इस संबंध में पिपराइच थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि विवाद प्रतिमा विसर्जन को लेकर नहीं, बल्कि पुरानी रंजिश में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष पर हमला करने से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर मांगी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।