दिवाली पर अयोध्या में CM योगी: पहले हनुमानगढ़ी फिर रामलला के किए दर्शन

दिवाली पर अयोध्या में CM योगी: पहले हनुमानगढ़ी फिर रामलला के किए दर्शन, बोले- अब यहां रामभक्तों पर गोली नहीं चलेगी, गोरखपुर में वनटांगिया परिवारों संग मनाएंगे दिवाली* *अयोध्या।* सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिवाली के दिन अयोध्या में रामलला के दर्शन किए। रविवार सुबह उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की, इसके बाद राम मंदिर पहुंचकर रामलला की आरती की और दंडवत प्रणाम किया। हनुमानगढ़ी में संतों ने सीएम योगी को माला पहनाई, भगवान की तस्वीर और प्रसाद दिया। सीएम ने हाथ जोड़कर संतों का अभिवादन किया। *योगी बोले - यह नई अयोध्या त्रेता युग की याद दिलाती है* सीएम योगी ने कहा - > "यह नई अयोध्या त्रेता युग की याद दिलाती है। अब यहां न गुलामी की मानसिकता है, न ही उसके निशान। यहां जो कुछ भी है, वह रामभक्तों की मेहनत और भगवान श्रीराम की कृपा का नतीजा है।" *अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी* योगी ने कहा कि अब अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां नहीं चलेंगी। जय श्रीराम बोलने पर कोई लाठी-डंडे नहीं चला सकता। पंचकोसी, 14 कोसी और 84 कोसी परिक्रमा पर कोई प्रतिबंध नहीं लगा पाएगा। उन्होंने कहा कि हमें केवल एक संकल्प लेना होगा। संकल्प यह होना चाहिए कि आने वाले समय में हमारी अयोध्या पर किसी मंथरा और किसी मारीच की कुदृष्टि न पड़े। अयोध्या के वैभव को लूटने और उसे फिर से बदनाम करने के लिए कोई भी साजिश न हो सके। *लाखों श्रद्धालु आए, फिर भी घाट स्वच्छ और सुंदर रहे* योगी ने दीपोत्सव की व्यवस्था की तारीफ की। उन्होंने कहा - > "मैं देख रहा था कल लाखों की संख्या में श्रद्धालु अयोध्या धाम आया था। 30 लाख से अधिक दीपक प्रज्ज्वलित हुए। देर रात्रि तक भीड़ लगी रही और सुबह जब मैं बाहर निकला, मैंने देखा सभी घाट स्वच्छ और सुंदर थे। कहीं कोई गंदगी नहीं थी, अव्यवस्था नहीं थी, अराजकता नहीं थी। यह अद्भुत कार्य है और जिन भी सफाई कर्मियों ने इस कार्य को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया है, उन सभी का मैं अभिनंदन करता हूं।" *निषाद बस्ती में बोले - आपकी वजह से रामनगरी साफ-सुथरी* अयोध्या में सीएम योगी रामघाट के निकट निषाद बस्ती में दीपावली मिलन कार्यक्रम में भी पहुंचे। वहां उन्होंने कहा - > "कल दीपोत्सव का आयोजन कितनी भव्यता के साथ हुआ। उसी के प्रति धन्यवाद देने के लिए आज मैं स्वयं आया हूं। हमारा नगर सुंदर हो, स्वच्छ हो, व्यवस्थित हो। जब आप कभी अयोध्या के बाहर जाएंगे और बोलेंगे मैं अयोध्या से आया हूं तो सामने वाला व्यक्ति न चाहते हुए भी आपका सम्मान करने के लिए मजबूर होगा।" *अब गोरखपुर जाएंगे योगी, वनटांगिया परिवारों संग मनाएंगे दिवाली* सीएम अयोध्या से गोरखपुर जाएंगे। सुबह 11 बजे शहर से 15 किमी दूर एक गांव में वनटांगिया परिवारों के साथ दिवाली मनाएंगे। बच्चों को गिफ्ट देंगे।