जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग,

जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दी गई ट्रेनिंग, 16 नवंबर से शुरू होगा स्व-गणना का चरण डीएम दीपक मीणा की अध्यक्षता में एनेक्सी भवन में कार्यशाला, आयोग से आए विशेषज्ञों ने समझाई पूरी प्रक्रिया 1 दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक, 4 जनवरी तक होगी गणना; 5 से 9 जनवरी तक चलेगा पुनरीक्षण कार्य डिजिटल और पारंपरिक दोनों माध्यमों से होगी जनगणना, परिवार के प्रत्येक सदस्य का दर्ज होगा विस्तृत विवरण जनगणना के लिए गोरखपुर में 10,512 प्रगणक और सुपरवाइजर तैनात जिले में बने 9,322 गणना ब्लॉक, नगर निगम क्षेत्र में 2,043 करीब 12 हजार कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी, पांच से नौ जनवरी तक होगा पुनरीक्षण गोरखपुर। जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना को सकुशल, त्रुटिरहित और निर्धारित समयसीमा में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले में इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए कुल 10,512 प्रगणकों और सुपरवाइजरों की तैनाती की गई है। रिजर्व स्टाफ, मास्टर ट्रेनर्स और अन्य सहायक कर्मचारियों को मिलाकर लगभग 12 हजार कर्मचारी जनगणना कार्य में लगाए जाएंगे। जिले में कुल 9,322 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं, जिनमें 2,043 ब्लॉक नगर निगम क्षेत्र में शामिल हैं। प्रत्येक प्रगणक को औसतन 850 की आबादी अथवा करीब 180 से 200 घरों की गणना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जनगणना की तैयारियों के सिलसिले में जिलाधिकारी/जिलानिर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में सर्किट हाउस परिसर एनेक्सी सभागार में प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय से आए विशेषज्ञ वैशाली शुक्ला और शैलेंद्र कुमार ने अधिकारियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी, परिवार अनुसूची भरने और डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने की बारीकियां समझाईं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व/ उप जिलानिर्वचन अधिकारी जय प्रकाश, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी और जनगणना कार्य से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण में बताया गया कि उत्तर प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण के तहत 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर परिवारों की जनसंख्या गणना करेंगे। चार जनवरी की शाम बेघर व्यक्तियों की गणना की जाएगी। इसके बाद पांच से नौ जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य चलेगा, जिसमें गणना से संबंधित विवरणों का सत्यापन और आवश्यक सुधार किया जाएगा। जनगणना के लिए संदर्भ तिथि पांच जनवरी 2027 की रात 12 बजे निर्धारित की गई है। स्व-गणना के लिए नागरिकों को आधिकारिक पोर्टल पर राज्य और भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर परिवार और आवास से संबंधित विवरण दर्ज करना होगा। परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरकर फॉर्म जमा करने के बाद एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आईडी) मिलेगी। घर-घर गणना के दौरान प्रगणक इस आईडी के माध्यम से दर्ज विवरण का सत्यापन करेंगे, जिससे एक ही परिवार की जानकारी दोबारा दर्ज होने की आशंका कम होगी। जो परिवार ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर सकेंगे, उनके घर पहुंचकर प्रगणक निर्धारित मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से जानकारी दर्ज करेंगे। इस तरह जनगणना में डिजिटल और पारंपरिक दोनों माध्यमों का इस्तेमाल किया जाएगा। अधिकारियों को प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचना और निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार सही जानकारी दर्ज करना जरूरी है। जनगणना के दौरान परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया से उनका संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु और वैवाहिक स्थिति जैसी जानकारियां दर्ज की जाएंगी। इसके अलावा धर्म, राष्ट्रीयता, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और जाति संबंधी विवरण भी निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार जुटाए जाएंगे। दिव्यांगता की स्थिति, माता-पिता का विवरण, मातृभाषा, अन्य ज्ञात भाषाएं, साक्षरता और शैक्षिक योग्यता से संबंधित जानकारी भी ली जाएगी। व्यक्ति के कामकाज, व्यवसाय, रोजगार की स्थिति और आर्थिक गतिविधियों का विवरण भी दर्ज होगा। प्रवासन से जुड़े सवालों में जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, वहां रहने की अवधि और स्थायी पते की जानकारी ली जाएगी। महिलाओं से प्रजनन संबंधी निर्धारित जानकारियां भी प्राप्त की जाएंगी। अधिकारियों को बताया गया कि सभी सूचनाएं निर्धारित प्रारूप में सावधानीपूर्वक दर्ज की जाएं, ताकि आंकड़ों में किसी तरह की त्रुटि न रहे। जिले में बनाए गए 9,322 गणना ब्लॉकों के अनुसार कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। प्रत्येक प्रगणक को औसतन 850 लोगों अथवा 180 से 200 घरों का विवरण जुटाना होगा। नगर निगम क्षेत्र के 2,043 गणना ब्लॉकों में भी इसी आधार पर गणना कार्य कराया जाएगा। रिजर्व स्टाफ की व्यवस्था भी रखी गई है, ताकि किसी कर्मचारी की अनुपस्थिति या अन्य कारण से गणना कार्य प्रभावित न हो। प्रगणकों और सुपरवाइजरों के साथ अन्य सहायक कर्मचारियों की तैनाती से पूरे जिले में गणना कार्य को सुचारु रूप से संचालित करने की तैयारी की गई है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराया जाए। प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया और निर्धारित मानकों का पालन किया जाए। प्रत्येक प्रगणक को अपने क्षेत्र, गणना ब्लॉक और जिम्मेदारी की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कोई भी परिवार गणना से छूटने न पाए और दर्ज की जाने वाली सूचनाओं की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं, सरकारी नीतियों तथा जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर निर्धारित समयसीमा में प्रत्येक चरण को पूरा कराएं। प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी प्रक्रिया से परिचित कराना है, ताकि स्व-गणना से लेकर घर-घर सर्वेक्षण और पुनरीक्षण तक सभी कार्य एकरूपता और निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो सकें।