राजा परीक्षित को मिला श्राप, विदुर के घर पहुंचे भगवान श्रीकृष्ण

चौरी चौरा गोरखपुर। सरैया लठौरवा में चल रही सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के तीसरे दिन मां दुर्गा स्वरूप कन्याओं का पूजन किया गया। यजमान रमेश दीक्षित और प्रियंबदा दीक्षित ने भगवान श्रीमद्भागवत महापुराण की पूजा-अर्चना के बाद पुष्पमाला अर्पित कर व्यास पीठ का पूजन किया। समाजसेवी एवं संकट मोचन आदर्श विद्यालय और संकट मोचन फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक अर्जुन उपाध्याय तथा सवर्ण उत्थान महासभा के जगमोहन शुक्ला ने व्यास जी को अंगवस्त्र भेंटकर आशीर्वाद लिया। आरती के बाद कथा शुरू हुई। कथावाचक ने राजा परीक्षित और कलियुग के प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि कलियुग ने राजा परीक्षित के सामने स्थान मांगा। इसके बाद राजा परीक्षित के सिर पर कलियुग का प्रभाव हुआ। राजा परीक्षित द्वारा ऋषि के गले में मृत सर्प डालने पर ऋषि पुत्र श्रृंगी ने उन्हें सातवें दिन सर्प के डसने का श्राप दिया। कथा में भीष्म पितामह के शरशय्या पर होने और विदुर जी द्वारा दुर्योधन को समझाकर महाभारत का युद्ध रोकने के प्रयास का वर्णन किया गया। दुर्योधन ने पांडवों को सुई की नोक के बराबर भी जमीन देने से इनकार कर दिया। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा छप्पन भोग छोड़कर विदुर जी के घर प्रेमपूर्वक साग-रोटी ग्रहण करने का प्रसंग सुन श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस दौरान जगमोहन शुक्ला, अनिल शुक्ला, विनोद शुक्ला, टोनी दीक्षित, टीपू दीक्षित, दीपक दीक्षित, रामनिवास पाण्डेय, रामप्यारे शुक्ला, त्रियुगी, श्याम नारायण मिश्रा और जयप्रकाश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।